

बिलासपुर। कोटा क्षेत्र के ग्राम अमने के पास स्थित अंधे मोड़ पर सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक सीवी रमन यूनिवर्सिटी के वार्षिक उत्सव में शामिल होने जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, पीपरतराई निवासी प्रकाश लहरे (21) और आयुष अनंत (16) सोमवार रात करीब साढ़े 10 बजे बाइक से यूनिवर्सिटी की ओर निकले थे। बाइक प्रकाश चला रहा था। अमने मोड़ के पास अचानक बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में दोनों युवकों के सिर पर गंभीर चोट आई।
उनके पीछे आ रहे गांव के अन्य लोगों ने दोनों को सड़क पर पड़ा देखा और तत्काल कोटा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
सिर पर गंभीर चोट, हेलमेट नहीं लगाया था
कोटा थाना प्रभारी नरेश चौहान ने बताया कि दोनों युवकों के शरीर पर मामूली खरोंच थी, लेकिन सिर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हुई। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी या वे स्वयं अनियंत्रित होकर गिरे।
बताया गया कि आयुष को उसके दादा ने घर से निकलने से मना किया था, लेकिन वह बिना बताए अपने दोस्त के साथ चला गया।
अंधा मोड़ बना हादसों का कारण
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, अमने मोड़ अंधा मोड़ होने के कारण यहां अक्सर छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं। लगातार दुर्घटनाओं के बाद ग्रामीणों ने वहां मंदिर भी बनवाया है। यातायात पुलिस द्वारा मोड़ पर विजिबिलिटी सुधारने के लिए पेड़ों की कटाई और प्रकाश व्यवस्था की गई है, लेकिन हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है।
