

बिलासपुर (छत्तीसगढ़), अद्विका एजुकेशनल एंड सोशल वेलफेयर सोसाइटी एवं अरण्य गुरुकुलम के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को जिला पशु चिकित्सालय परिसर स्थित गौसेवा धाम में अस्वस्थ व दुर्घटनाग्रस्त गौवंशों के लिए विशेष भंडारे का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सोसाइटी के संस्थापक सदस्य आशीष कुमार खण्डेलवाल एवं अनुभा खण्डेलवाल की 22वीं वैवाहिक वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान गौवंशों को सब्जियां, फल, गुड़, दाना तथा अन्य पौष्टिक आहार सामग्री अर्पित की गई। आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य केवल वर्षगांठ का उत्सव मनाना नहीं, बल्कि सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश देना है।
कार्यक्रम में सोसाइटी एवं गुरुकुलम के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही। सभी ने मिलकर गौसेवा के इस पुनीत कार्य में सहयोग दिया और समाज में सेवा भावना को प्रोत्साहित करने का संकल्प दोहराया।
संस्थापक सदस्यद्वय ने इस अवसर पर कहा कि जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों को समाजसेवा से जोड़ना सच्ची खुशी और संतोष प्रदान करता है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

आयोजन को सामाजिक समर्पण, करुणा और सकारात्मक सहभागिता का प्रेरक उदाहरण बताया गया।
