राजकिशोर नगर में सनसनीखेज लूट: सराफा कारोबारी पर हथौड़े से हमला, 3.35 करोड़ से अधिक के जेवर और कार लूटी

शशि मिश्रा


बिलासपुर। शहर के राजकिशोर नगर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज रोड/महावीर सिटी रोड पर सोमवार रात करीब 9.30–9.45 बजे सुनियोजित तरीके से लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने सराफा कारोबारी, छत्तीसगढ़ी फिल्म अभिनेता ,पूर्व पुलिसकर्मी और पत्रकार विवेक तिवारी के भाई संतोष तिवारी पर हमला कर उनकी मेहरून रंग की रीनॉल्ट कार (CG 10 AH 7707) समेत दो करोड़ रुपये से अधिक के जेवर और साढ़े तीन लाख रुपये नकद लूट लिए। गंभीर रूप से घायल संतोष को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनके सिर में करीब 50 टांके लगे हैं और हाथ की हड्डी टूटने की पुष्टि हुई है।


दुकान से पीछा, घर से 500 मीटर पहले घेराबंदी


पुलिस के अनुसार संतोष तिवारी की राजकिशोर नगर चौक पर “महालक्ष्मी ज्वेलर्स” नाम से दुकान है। दो वर्ष पूर्व दुकान में चोरी की घटना के बाद वे रोज की तरह सोने-चांदी के जेवर साथ लेकर घर जाते थे। घटना की रात वे दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। बीएसएनएल टॉवर रोड के पास, घर से लगभग 500 मीटर पहले, सफेद ईको कार (CG 10 BJ 8147) अड़ाकर बदमाशों ने उन्हें रोका। पीछे से दो बाइक सवार भी पहुंच गए।
बदमाशों ने पिस्तौल तानकर नीचे उतरने को कहा और ट्रिगर दबाया, लेकिन मैगजीन फंसने से गोली नहीं चली। इसके बाद एक आरोपी ने हथौड़े से उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। घायल कारोबारी को सड़क पर छोड़कर लुटेरे उनकी ही कार लेकर फरार हो गए।


फायरिंग के संकेत, मौके से मैगजीन व कारतूस बरामद
घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी में एक आरोपी बंदूक लिए दिखा है। कुछ लोगों ने दो-तीन राउंड फायरिंग की बात कही है, हालांकि पुलिस ने फायरिंग की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मौके से एक मैगजीन और कारतूस बरामद हुए हैं।


लूटा गया माल
परिजनों के अनुसार कार में लगभग 2 किलो 200 ग्राम सोने के जेवर, 350 ग्राम कच्चा सोना, 100 ग्राम फाइन गोल्ड और करीब 3.50 लाख रुपये नकद थे—कुल कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
चोरी की गाड़ी का इस्तेमाल, कई टीमें जांच में
प्रारंभिक जांच में तीन से चार बदमाशों के शामिल होने की आशंका है। वारदात में इस्तेमाल ईको कार और बाइक के मालिकों का लोकेशन क्रमशः सीपत क्षेत्र के ग्राम सेलर और करबला क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है। रात करीब 2 बजे सीपत से पहले उर्तुम गांव में कारोबारी की कार बरामद होने की सूचना है। पुलिस ने शहर के सभी एग्जिट पॉइंट पर नाकेबंदी कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।


घटना की जानकारी मिलते ही आईजी रामगोपाल गर्ग मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से जानकारी ली। एएसपी पंकज पटेल सहित अन्य अधिकारी भी जांच में जुटे हैं। आईजी ने कहा कि आरोपियों की तलाश के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा हैऔर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
डॉग स्क्वॉड की मदद
वारदात के बाद डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया। डॉग घटनास्थल से ओम पैलेस होते हुए मोपका रोड की दिशा में चुन्नी सिंह तालाब तक गया, जिससे संकेत मिलता है कि बदमाश मोपका रोड की ओर भागे।


सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
रिहायशी और व्यस्त इलाके में हुई इस दुस्साहसी वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है—रेकी की आशंका, हथियारों की उपलब्धता और वाहनों की चोरी की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।


फिलहाल घायल संतोष तिवारी का उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार सिर में गंभीर चोट के कारण उन्हें ओटी में लिया गया था, स्थिति स्थिर बताई जा रही है। शहर में हाई अलर्ट जारी है और पुलिस ने आमजन से संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!