

बिलासपुर। तखतपुर थाना क्षेत्र में चेन स्नेचिंग के मामले में गिरफ्तार आरोपी रविवार सुबह थाने से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने ड्यूटी पर तैनात आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, बेलपान मेले के दौरान चेन स्नेचिंग की घटना सामने आई थी। थाना प्रभारी विवेक पांडेय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हुलिए के आधार पर आरोपी का पीछा कर उसे पकड़ लिया। आरोपी की पहचान मोहन कोल, निवासी ग्राम नेवरा के रूप में हुई। पूछताछ के बाद उसे रात भर थाने में रखा गया था और रविवार सुबह न्यायालय में पेश करने की तैयारी चल रही थी।
सुबह ड्यूटी पर तैनात आरक्षक सुरेंद्र डहरिया से आरोपी ने बाथरूम जाने की बात कहकर हथकड़ी खुलवा ली। इसी दौरान मौका पाकर वह थाने से फरार हो गया। आरोपी के भागते ही पुलिसकर्मियों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन वह हाथ नहीं लगा।
मामले की सूचना मिलते ही एसएसपी ने प्रारंभिक जांच कर लापरवाही पाए जाने पर आरक्षक सुरेंद्र डहरिया को सस्पेंड कर दिया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम सक्रिय है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा तथा सुरक्षा में हुई चूक की विभागीय जांच भी की जाएगी।
