
शशि मिश्रा

बालोद। जिले के गुंडरदेही थाना क्षेत्र में महाशिवरात्रि की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। श्मशान घाट में कथित तंत्र-मंत्र साधना के लिए तीन साल की बच्ची की कब्र खोदकर उसका सिर निकाल लेने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
खेत जाते किसान ने देखा उखड़ी कब्र
मामला गुंडरदेही थाना क्षेत्र की हल्दी चौकी अंतर्गत ग्राम माहुद-बी का है। रविवार सुबह करीब 11 बजे खेत की ओर जा रहे एक किसान की नजर श्मशान घाट में उखड़ी हुई कब्र पर पड़ी। कब्र के आसपास दिया, चावल और झिल्ली में रखा मांस का टुकड़ा समेत तंत्र साधना से जुड़ी सामग्री बिखरी हुई थी। सूचना मिलते ही ग्रामीणों और परिजनों की भीड़ मौके पर जुट गई।

9 अक्टूबर 2025 को हुई थी बच्ची की मौत
मृत बच्ची की पहचान प्रिया साहू (3) के रूप में हुई है, जिसकी 9 अक्टूबर 2025 को बीमारी के चलते मौत हो गई थी। सूचना पर पिता जितेंद्र साहू मौके पर पहुंचे और हल्दी चौकी में शिकायत दर्ज कराई। परिवार का आरोप है कि अज्ञात तांत्रिक ने रात में कब्र खोदकर बच्ची का सिर निकाल लिया और बाद में मिट्टी डालकर कब्र को ढंक दिया।
एसडीएम की अनुमति से दोबारा खुदाई
ग्रामीणों की मांग पर एसडीएम की अनुमति से दोपहर करीब 3 बजे वीडियोग्राफी के बीच कब्र की दोबारा खुदाई कराई गई। करीब चार फीट नीचे बच्ची का शव मिला, लेकिन सिर गायब बताया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम और परीक्षण के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
बीएनएस की धारा 301 के तहत मामला दर्ज
हल्दी चौकी प्रभारी नंद कुमार साहू ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला महाशिवरात्रि की रात तंत्र-मंत्र क्रिया से जुड़ा प्रतीत होता है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 301 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर ने कहा कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
पहले भी हो चुकी है तंत्र विद्या से जुड़ी वारदात
गौरतलब है कि करीब नौ महीने पहले पास के गांव सिर्राभाठा में तंत्र विद्या के शक में बैगा पुनीत राम गोंड़ की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले में भी मौके से तंत्र सामग्री मिली थी और पांच आरोपी फिलहाल जेल में बंद हैं।
एक बार फिर इस घटना ने इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।
