बलरामपुर में जांच के दौरान बवाल: मारपीट में एक ग्रामीण की मौत, दो घायल

शशि मिश्रा


बलरामपुर। जिले के कुसमी थाना क्षेत्र में बाक्साइट के अवैध उत्खनन की जांच के दौरान हिंसक घटना सामने आई है। आरोप है कि जांच के लिए पहुंचे राजस्व अधिकारियों और उनके साथ आए युवकों द्वारा की गई मारपीट में एक 60 वर्षीय ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति है।
अवैध खनन की जांच के लिए पहुंची थी टीम
जानकारी के अनुसार, कुसमी एसडीएम करुण डहरिया और नायब तहसीलदार पारस शर्मा राजस्व टीम के साथ रविवार देर शाम हंसपुर गांव पहुंचे थे। गांव में बाक्साइट के अवैध उत्खनन की शिकायत पर जांच की जा रही थी। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों द्वारा एक बाक्साइट लोड ट्रक को रोके जाने की सूचना पर अधिकारी मौके पर पहुंचे थे।
सरना के पास रोका, फिर की पिटाई
घायल ग्रामीणों के अनुसार, वे गेहूं के खेत में सिंचाई कर रात करीब 8 बजे लौट रहे थे। सरना स्थल के पास एसडीएम की गाड़ी और एक अन्य वाहन में सवार 6-7 लोगों ने उन्हें रोका और पूछताछ के बाद डंडों व लात-घूंसों से मारपीट की। आरोप है कि एसडीएम और नायब तहसीलदार के साथ पहुंचे स्थानीय युवक—सुदीप, मंदीप, विक्की सिंह सहित अन्य—भी मारपीट में शामिल थे।
मारपीट के बाद तीनों ग्रामीणों को वाहन में बैठाकर कुसमी लाया जा रहा था। रास्ते में रामनरेश राम (60 वर्ष) बेहोश हो गए।
अस्पताल में तोड़ा दम
बेहोशी की हालत में तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी लाया गया, जहां उपचार के दौरान रामनरेश राम की मौत हो गई। अन्य दो घायल—अजीत उरांव (60 वर्ष) और आकाश अगरिया (20 वर्ष)—का इलाज जारी है।
अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
घटना के बाद हंगामे की आशंका को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और कुसमी थाने में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मामले की जांच के लिए एडिशनल एसपी विश्व दीपक त्रिपाठी कुसमी पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि एसडीएम और नायब तहसीलदार सहित अन्य संबंधित लोगों को राजपुर थाने में बैठाकर पूछताछ की जा रही है।
एफआईआर दर्ज नहीं, फॉरेंसिक टीम बुलाई गई
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए अंबिकापुर से फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को कुसमी बुलाया गया है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं, वहीं पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच का दावा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!