

बिलासपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए बिलासपुर पुलिस ने यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर यातायात पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस के अनुसार जनवरी माह से अब तक शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले 450 से अधिक वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई है। सभी मामलों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां आरोपियों पर जुर्माना लगाया गया।
इसके अलावा बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 1300 से अधिक चालकों पर चालानी कार्रवाई कर समन शुल्क वसूला गया है। वहीं इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) के माध्यम से 7500 से अधिक नियम उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ ऑनलाइन चालान जारी किए गए हैं।

शाम 6 से रात 12 बजे तक सबसे ज्यादा हादसे
यातायात पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की समीक्षा में पाया गया है कि सर्वाधिक दुर्घटनाएं शाम 6 बजे से रात 12 बजे के बीच होती हैं। इसे ध्यान में रखते हुए इस समयावधि में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना, शराब व नशे की हालत में ड्राइविंग, मोबाइल का उपयोग, गलत दिशा में वाहन चलाना और हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग न करना दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं।

जागरूकता के साथ सख्ती भी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में यातायात अमला लगातार लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई कर रहा है।
पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और अनमोल जीवन सुरक्षित रह सके।
