

बिलासपुर। जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
तारबाहर पुलिस ने बीयर के साथ आरोपी पकड़ा
तारबाहर थाना पुलिस ने अवैध रूप से शराब परिवहन करते एक युवक को गिरफ्तार किया। पुराना बस स्टैंड शुलभ के सामने घेराबंदी कर जूपिटर (सीजी 10 जेड 9578) वाहन सवार शेरसिंह मोहले (24 वर्ष) निवासी सतनाम नगर, सकरी को पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान उसके पास से 9 नग बीयर (6 थैले से एवं 3 डिक्की से) बरामद की गई। वाहन सहित शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

रतनपुर में 225 ग्राम गांजा जब्त
रतनपुर थाना पुलिस ने किराना दुकान में गांजा बेचते एक आरोपी को गिरफ्तार किया। मुखबिर सूचना पर की गई रेड कार्रवाई में अरविंद जैन उर्फ अन्नू (36 वर्ष) निवासी भगत सिंह वार्ड, रतनपुर के कब्जे से 225 ग्राम गांजा (कीमत 2,500 रुपये), बिक्री रकम 2,300 रुपये तथा एक मोबाइल जब्त किया गया।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

बेलगहना में 300 ग्राम गांजा सहित आरोपी गिरफ्तार
बेलगहना चौकी क्षेत्र में भी अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए देवचरण वैष्णव (50 वर्ष) निवासी ग्राम कोंचरा को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के घर से 300 ग्राम गांजा (कीमत 15,000 रुपये) तथा तौलने में प्रयुक्त तराजू-बाट जब्त किया गया। कुल मशरूका 16,000 रुपये आंकी गई है।
आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है।
अभियान जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अवैध शराब, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री एवं परिवहन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
