नौकरी दिलाने के नाम पर की ठगी , दुष्कर्म के बाद युवती का बनाया अश्लील वीडियो भी, कर रहा था ब्लैकमेल

शशि मिश्रा

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से ठगी, दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला सामने आया है। एक युवक ने युवती को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे लाखों रुपये ठग लिए। इसके बाद आरोपी ने युवती के साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करता रहा। मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूरा मामला आमानाका थाना क्षेत्र का है।

सोशल मीडिया से शुरू हुई पहचान
पीड़िता (25 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि करीब दो साल पहले उसकी पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से कवर्धा जिले के पांडातराई गांव निवासी रितेश चंद्राकर (26) से हुई थी। आरोपी ने खुद को रायपुर स्थित एम्स में कार्यरत कर्मचारी बताया और बातचीत के दौरान नजदीकियां बढ़ाईं।

नौकरी दिलाने के नाम पर 6 लाख की ठगी
आरोपी ने युवती को एम्स में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया और अलग-अलग किस्तों में उससे करीब 6 लाख रुपये ले लिए। इसके बदले में उसने युवती को फर्जी जॉइनिंग लेटर भी थमा दिए, जिससे वह उस पर विश्वास करती रही।

होटल में ले जाकर दुष्कर्म, फिर ब्लैकमेल
पुलिस के अनुसार आरोपी ने युवती को आमानाका थाना क्षेत्र के एक होटल में बुलाया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान उसने अश्लील वीडियो भी बना लिए और बाद में इन्हीं वीडियो के जरिए युवती को लगातार ब्लैकमेल करने लगा।

फर्जी जॉइनिंग लेटर से खुला राज
जब युवती एम्स में जॉइनिंग लेटर लेकर पहुंची, तो वहां जांच में वह पूरी तरह फर्जी निकला। इसके बाद युवती को ठगी का अहसास हुआ और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर उसने आमानाका थाने में शिकायत दर्ज कराई।

आरोपी गिरफ्तार, कई धाराओं में केस दर्ज
शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ ठगी, दुष्कर्म और आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी को कवर्धा से गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!