
बिलासपुर। शहर के टैगोर चौक पर गुरुवार दोपहर एक नशे में धुत बुलेट सवार ने ड्यूटी पर जा रहे सब-इंस्पेक्टर की कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन कार का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार गार्डन सिटी मोपका निवासी ओम प्रकाश कुर्रे सिविल लाइन थाना बिलासपुर में पदस्थ उप-निरीक्षक हैं। वे दोपहर करीब 3:30 बजे अपनी कार क्रमांक सीजी 12 बीडी 8991 से थाना जा रहे थे। जैसे ही वे टैगोर चौक पहुंचे, पीछे से आ रहे बुलेट क्रमांक सीजी 10 बीआर 3026 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी कार को टक्कर मार दी।
उस समय उनकी पत्नी स्नेहलता भी कार में मौजूद थीं। टक्कर के बाद मौके पर करीब 25 मिनट तक बहस होती रही। पूछताछ में बुलेट चालक ने अपना नाम शुभम राय, निवासी यदुनंदन नगर तिफरा बताया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी नशे की हालत में था।
घटना के बाद एसआई ने सीधे तारबाहर थाना बिलासपुर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बुलेट जब्त कर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।
