
बिलासपुर। अवैध जुआ-सट्टा और संगठित सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तोरवा पुलिस ने लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए सट्टा नेटवर्क से जुड़े चार आदतन सटोरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संगठित अपराध से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, बिलासपुर जिले में अवैध जुआ-सट्टा पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक रजनीश सिंह के नेतृत्व में तोरवा पुलिस लगातार छापेमार कार्रवाई कर रही है।
हाल ही में सट्टा सरगना किशन चंद सहित चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद विवेचना के दौरान पुलिस ने सट्टा नेटवर्क से जुड़े चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक रामनानी (53), अजहर जुननानी (50), सुधीर बोले (56) और शुभम पांडे (30) के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी पूर्व से जुआ-सट्टा के मामलों में संलिप्त रहे हैं और लंबे समय से अवैध सट्टेबाजी का संचालन कर रहे थे।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए। प्रारंभिक जांच में संगठित रूप से सट्टा संचालन के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 6 और 7 के साथ भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
