

पर्यावरण संरक्षण के लिए बिलासपुर वासियों से आगे आने की अपील
शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल बनाने के संकल्प के साथ आज टीम मानवता द्वारा बिलासपुर में ‘ECO Sunday Drive’ के तहत एक विशेष पर्यावरण संरक्षण अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पेड़ों को विज्ञापनों के लिए ठोंकी गई दर्दनाक कीलों और अवैध पोस्टरों से मुक्त कराना था।

आज रविवार सुबह जागरूक नागरिकों और पर्यावरण प्रेमियों की टीम ने शहर के व्यस्ततम मार्ग नेहरू चौक से लेकर मंगला चौक तक सघन अभियान चलाया। इस दौरान मार्ग के दोनों किनारों पर स्थित पेड़ों पर लगे विभिन्न व्यावसायिक पोस्टर, बैनर और उनमें ठोंकी गई लोहे की नुकीली कीलों को निकाला गया।
अभियान के सदस्यों ने बताया कि पेड़ों में कीलें ठोंकने से उन्हें ‘मेटल पॉइजनिंग’ (धातु विषाक्तता) का खतरा रहता है, जिससे पेड़ धीरे-धीरे खोखले होकर सूख जाते हैं। पेड़ों को इस नुकसान से बचाना और पर्यावरण के प्रति जन-जागरूकता फैलाना ही इस मुहिम का मुख्य लक्ष्य है।

आज की इस नि:स्वार्थ सेवा और श्रमदान अभियान में मुख्य रूप से मनोज मिश्रा, अभिषेक शर्मा, रंजीत ध्रुव और अभिषेक ठाकुर शामिल रहे। टीम ने संकल्प लिया है कि शहर के हर मुख्य मार्ग के पेड़ों को इसी तरह कील और पोस्टर मुक्त बनाया जाएगा।
जनता से अपील
अभियान दल ने बिलासपुर के समस्त व्यापारियों, कोचिंग संस्थानों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने प्रचार-प्रसार के लिए जीवित पेड़ों का इस्तेमाल न करें। पेड़ हमारी जीवनरेखा हैं, इन्हें नुकसान पहुँचाने के बजाय इनके संरक्षण में अपना योगदान दें।
