
शशि मिश्रा

रायपुर। राज्य में कथित नकली दवा कारोबार से जुड़े मामले में शासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एडिशनल ड्रग कंट्रोलर संजय नेताम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई एक स्टिंग ऑपरेशन सामने आने के बाद की गई है, जिसमें उनकी मुलाकात नकली दवा कारोबार के आरोपी खेमराम बानी से एक रेस्टोरेंट में होने की बात सामने आई थी।
सूत्रों के अनुसार, उक्त मुलाकात का वीडियो सार्वजनिक होने के बाद विभागीय स्तर पर प्राथमिक जांच शुरू की गई। जांच में प्रथम दृष्टया तथ्य सामने आने पर शासन ने संजय नेताम को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विस्तृत जांच पूरी होने तक वे निलंबित रहेंगे।
मामले में यह भी जानकारी सामने आई है कि मुलाकात के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी राखी सिंह ठाकुर भी मौजूद थीं। शासन ने उन्हें तत्काल प्रभाव से जशपुर स्थानांतरित कर दिया है।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद स्वास्थ्य एवं औषधि प्रशासन विभाग में हड़कंप की स्थिति है। शासन ने संकेत दिए हैं कि जांच के दौरान यदि अन्य किसी अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता पाई जाती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और आगे और भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
