किशोरी ने लगाई फांसी, पुलिस कर रही मामले की जांच


बिलासपुर। जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 17 वर्षीय किशोरी ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सोन निवासी ईश्वरी पटेल (17), पिता सुखीराम पटेल, शनिवार रात भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई थी। रविवार सुबह करीब 6 बजे जब परिजन जागे तो उन्होंने देखा कि ईश्वरी के कमरे का दरवाजा भीतर से बंद है। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो परिजनों को संदेह हुआ।
इसके बाद खिड़की तोड़कर परिजनों ने कमरे के अंदर झांककर देखा, जहां ईश्वरी का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि ईश्वरी की मानसिक स्थिति पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं थी। हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!