

बिलासपुर।
नेटफ्लिक्स वेब पोर्टल पर प्रसारित की जा रही एक वेब सीरीज के हाल ही में जारी टीजर और उसके शीर्षक को लेकर बिलासपुर में विरोध के स्वर उठने लगे हैं। वेब सीरीज का शीर्षक ‘घूसखोर पंडित’ बताए जाने के बाद ब्राह्मण समाज में रोष व्याप्त है। समाज के लोगों का कहना है कि यह शीर्षक न केवल आपत्तिजनक है, बल्कि एक पूरे समाज की छवि को ठेस पहुंचाने वाला भी है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए नवयुवक कान्यकुब्ज विकास समिति की ओर से पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर तथा थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराई गई है। समिति ने वेब सीरीज के निर्माता, निर्देशक और नेटफ्लिक्स वेब पोर्टल के खिलाफ विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
समिति का आरोप है कि वेब सीरीज के कंटेंट में भी ब्राह्मण समाज के खिलाफ आपत्तिजनक और अपमानजनक संवाद व दृश्य शामिल किए गए हैं, जो समाज की गरिमा और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाते हैं। उनका कहना है कि इस तरह की सामग्री समाज में गलत संदेश फैलाती है और आपसी सौहार्द को नुकसान पहुंचा सकती है।
नवयुवक कान्यकुब्ज विकास समिति ने स्पष्ट किया है कि किसी भी समाज, जाति या धर्म को अपमानित करने वाली सामग्री का प्रसारण पूरी तरह अस्वीकार्य है। समिति ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
शिकायत व ज्ञापन सौंपने के दौरान अरविंद दीक्षित, मनोज शुक्ला, कृष्ण मोहन पांडे, अनिल तिवारी, अनुग्रह मिश्रा, संजय शुक्ला, अखिलेश शुक्ला, अर्पित तिवारी सहित समाज के अन्य लोग मौजूद रहे। मामले को लेकर शहर में चर्चा तेज है और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
