

बिलासपुर
सत्यम चौक स्थित आइवरी स्पा सेंटर में नौकरी के नाम पर एक युवती को देह व्यापार में धकेलने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने स्पा की संचालिका पूजा ढकाल और मैनेजर नीरू तमांग के खिलाफ पीटा एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसे आइवरी स्पा सेंटर में मासिक वेतन पर नौकरी दी गई थी। शुरुआती दिनों में काम सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय बाद स्पा संचालिका और मैनेजर ने उस पर ग्राहकों के साथ अनैतिक संबंध बनाने और अवैध गतिविधियों में शामिल होने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। आरोप है कि युवती को कभी लालच दिया गया, तो कभी धमकियां देकर मजबूर करने की कोशिश की गई।
इंकार करने पर दी जान से मारने और बदनाम करने की धमकी
पीड़िता के अनुसार, जब उसने इस गलत काम से साफ इंकार किया, तो आरोपियों ने उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। संचालिका और मैनेजर ने धमकी दी कि अगर उसने उनकी बात नहीं मानी तो उसे समाज में बदनाम कर दिया जाएगा और उसके परिवार को भी गंभीर नुकसान पहुंचाया जाएगा। लगातार मिल रही धमकियों से दहशत में आई युवती ने आखिरकार सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब स्पा सेंटर में आने-जाने वाले लोगों और वहां कार्यरत अन्य युवतियों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं यह मामला किसी संगठित रैकेट से तो नहीं जुड़ा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह मामला सामने आने के बाद शहर के अन्य स्पा सेंटरों की गतिविधियों पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
