“ऑपरेशन प्रहार” के तहत सकरी पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, गांजा व महुआ शराब बेचने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना सकरी पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा एवं कच्ची महुआ शराब की अवैध बिक्री में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 1.863 किलोग्राम गांजा, 70 लीटर कच्ची महुआ शराब तथा बिक्री की नगद राशि जब्त की है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) श्री निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी निरीक्षक विजय चौधरी के नेतृत्व में की गई।
मुखबिर सूचना पर दी गई दबिश
पुलिस को दिनांक 6 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि बाजारपारा सकरी निवासी अवधेश वर्मा एवं डीपरापारा उस्लापुर निवासी राकेश गुप्ता अपने-अपने घरों से अवैध रूप से गांजा रखकर उसकी बिक्री कर रहे हैं, जबकि शांति नगर सकरी निवासी संतोष बसोड कच्ची महुआ शराब की अवैध बिक्री में संलिप्त है। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस टीम गठित की गई।
दबिश के दौरान आरोपी अवधेश वर्मा के कब्जे से 1.483 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 12 हजार रुपये) एवं 400 रुपये बिक्री रकम, वहीं आरोपी राकेश गुप्ता के कब्जे से 0.380 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 8 हजार रुपये) एवं 100 रुपये बिक्री रकम जब्त की गई। इस प्रकार कुल 1.863 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 20 हजार रुपये) एवं 500 रुपये नकद जब्त कर दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
70 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त
इसी क्रम में शांति नगर सकरी निवासी संतोष बसोड के कब्जे से तीन अलग-अलग जर्किन में रखी 70 लीटर कच्ची महुआ शराब (कीमत लगभग 7 हजार रुपये) एवं 300 रुपये बिक्री रकम जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
नशे में वाहन चलाने व सार्वजनिक स्थान पर शराब-गांजा सेवन पर कार्रवाई
पुराना बाजार सकरी में सार्वजनिक स्थान पर ऑटो में बैठकर गांजा एवं शराब का सेवन करते पाए जाने पर ऑटो चालक मोहन यादव के विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। साथ ही मोहन यादव, विकास श्रीवास एवं देवानंद साहू के विरुद्ध पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए इस्तगासा माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चौधरी, उप निरीक्षक विजय राठौर, उप निरीक्षक राजकुमार वस्त्रकार, प्रधान आरक्षक रवि कुमार लहरे सहित थाना सकरी पुलिस स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों एवं नशे के कारोबार के विरुद्ध “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!