

बिलासपुर।
जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चकरभाठा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम मगरउछला निवासी एक महिला को 10 लीटर महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त की गई शराब की कीमत करीब 2 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में अवैध रूप से शराब बिक्री करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना प्रभारी चकरभाठा उमेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर मुखबिरों को सक्रिय किया गया था।

दिनांक 7 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पंचायत मगरउछला निवासी रेखा घृतलहरे अपने घर के पीछे छिपाकर महुआ शराब रखकर उसकी अवैध बिक्री कर रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की, जहां आरोपी के घर के पीछे छिपाकर रखी गई 10 लीटर महुआ शराब बरामद की गई।
मौके पर मौजूद महिला से पूछताछ करने पर उसने शराब की अवैध बिक्री करना स्वीकार किया। इसके बाद आरोपी रेखा घृतलहरे पति संजय घृतलहरे (45 वर्ष), निवासी सतनामी मोहल्ला, ग्राम मगरउछला को आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि थाना चकरभाठा क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
