

बिलासपुर।
कोटा पुलिस ने प्लॉट में घुसकर बिजली के तार चोरी करने वाले आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चार बंडल बिजली का तार, जिसकी कीमत लगभग ₹9000 बताई जा रही है, बरामद किया गया है। यह कार्रवाई चेतना विरुद्ध नशा व प्रहार अभियान के तहत की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 03 फरवरी 2026 को ग्राम सल्का स्थित एक प्लॉट से अज्ञात व्यक्ति द्वारा चार बंडल बिजली का तार चोरी किए जाने की रिपोर्ट थाना कोटा में दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 92/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिस पर पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा श्रीमती नुपूर उपाध्याय (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई।
दिनांक 04 फरवरी 2026 को पुलिस ने संदेही रुपेश चंद्रवंशी पिता स्व. बल्ला चंद्रवंशी, निवासी रोहा, थाना पंडरिया, जिला कबीरधाम (हाल मुकाम बुधवारी बाजार, रेलवे स्टेशन गेट नंबर-01, बिलासपुर) को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसके कब्जे से चार बंडल बिजली का तार बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कोटा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक नरेश चौहान, प्रधान आरक्षक अशोक नामदेव, आरक्षक अखिलेश पारकर एवं आरक्षक संजय श्याम की विशेष भूमिका रही।
