

बिलासपुर।
थाना सरकंडा पुलिस ने चोरी के एक प्रकरण का कुछ ही घंटों के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को मशरूका सहित गिरफ्तार कर लिया है। हैरानी की बात यह रही कि चोरी करने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि प्रार्थी का पूर्व ड्राइवर ही निकला। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई ₹9000 नकद राशि भी बरामद कर ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी डॉ. शशि मिश्रा ने थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 05 फरवरी 2026 को सुबह लगभग 11.30 बजे वह अपने निवास पूजा पार्क में ताला लगाकर ड्यूटी पर गए थे। दोपहर लगभग 03.30 बजे उनकी पत्नी श्रीमती प्रिया मिश्रा ने फोन कर सूचना दी कि घर का दरवाजा अंदर से बंद है। संदेह होने पर कॉलोनी के गार्ड एवं आसपास के लोगों को बुलाकर दरवाजा खुलवाया गया।
दरवाजा खुलने पर घर के अंदर प्रार्थी का पुराना ड्राइवर बिपिन मसीह चोरी करते हुए पाया गया। घर में रखे पर्स से ₹9000 नकद गायब थे। मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिस पर थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 157/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
घटना की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह को दी गई, जिन्होंने चोरी के मामले का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उनके निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल एवं सीएसपी (सिविल लाइन/सरकंडा) निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरकंडा निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर मौके पर रवाना की गई।
पुलिस ने संदेही बिपिन मसीह पिता विरेंद्र मसीह (उम्र 52 वर्ष), निवासी घुरू शैलेन्द्र नगर, थाना सकरी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई ₹9000 नकद राशि बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। सरकंडा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है, वहीं पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संपत्ति संबंधी अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
