
बिलासपुर।
सिटी सेंटर में मंगलवार को खरीदारी करने आए एक ग्राहक की कार रिवर्स करते समय बेकाबू हो गई, जिससे वहां खड़ी छह दोपहिया गाड़ियों को नुकसान पहुंचा। हादसे में दुकान के बोर्ड भी क्षतिग्रस्त हो गए। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, क्रेटा कार में सवार एक ग्राहक अपने ड्राइवर के साथ करबला स्थित सिटी सेंटर आया था। कार को पार्किंग में खड़ा करने के बाद ड्राइवर भीतर चला गया। खरीदारी के बाद कार मालिक बाहर आया और ड्राइवर वाहन को रिवर्स कर बाहर निकालने लगा। इसी दौरान कार अनियंत्रित हो गई और पीछे खड़ी छह बाइकों पर चढ़ गई।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल ड्राइवर को कार से नीचे उतारा। कार मालिक ने क्षतिग्रस्त गाड़ियों की मरम्मत का खर्च वहन करने की बात कही, जिसके बाद मामला शांत हो गया। कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि देर शाम तक इस घटना को लेकर थाने में किसी भी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

महाराणा प्रताप चौक पर हादसा, चालक के खिलाफ मामला दर्ज
महाराणा प्रताप चौक पर मंगलवार को लापरवाही पूर्वक चल रही एक यात्री बस ने स्कूटी सवार छात्र को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस का अगला पहिया स्कूटी के ऊपर चढ़ गया। गनीमत रही कि छात्र को गंभीर चोट नहीं आई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुष्पराज बस तिफरा बस स्टैंड की ओर से आ रही थी। जैसे ही बस महाराणा प्रताप चौक सिग्नल के पास पहुंची, उसी दौरान एक छात्र स्कूटी से सड़क पार कर रहा था। तभी बस क्रमांक सीजी 10 बीडब्ल्यू 5314 के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए स्कूटी को चपेट में ले लिया।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और आक्रोशित लोगों ने बस चालक को घेर लिया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद स्कूटी को बस के नीचे से बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बस को जब्त कर सिविल लाइन थाने में खड़ा करवा दिया गया।
पीड़ित छात्र की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

