बलौदाबाजार हिंसा का मुख्य आरोपी फिर हुआ सक्रिय, भड़काऊ वीडियो पोस्ट कर माहौल बिगाड़ने का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया केस


बिलासपुर।
बलौदाबाजार आगजनी और हिंसा प्रकरण के मुख्य आरोपी जितेंद्र बंजारा पर एक बार फिर शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने के आरोप लगे हैं। आरोप है कि वह अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने के उद्देश्य से लगातार सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो पोस्ट कर रहा है, जिससे सामाजिक तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
सिम्स मेडिकल कॉलेज के सहायक प्राध्यापक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता सिम्स के सहायक प्राध्यापक डॉ. संजय बंजारे ने बताया कि जितेंद्र बंजारा अपने फेसबुक अकाउंट के माध्यम से झझपुरी स्थित जैतखंभ से जुड़ी घटना को लेकर समाज के युवाओं को भड़काने का प्रयास कर रहा है।
आरोप है कि पोस्ट किए गए वीडियो में राजनेताओं, विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के खिलाफ आपत्तिजनक व अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि 18 दिसंबर 2025 को बाबा गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर महंतबाड़ा स्थित जैतखंभ में दर्शन करने पहुंचे लोगों से आरोपी जितेंद्र बंजारा ने धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की थी। इस घटना को लेकर पहले भी विवाद सामने आया था।
पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सोशल मीडिया पोस्ट व वीडियो की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!