

बिलासपुर। जिले में अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध पुलिस की सख्त कार्यवाही लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना कोनी एवं थाना सीपत पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब एवं देशी प्लेन शराब जब्त करते हुए कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कोनी थाना क्षेत्र में 125 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त
थाना कोनी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम जलसों स्थित बिसाहिन तालाब के पास दबिश देकर अवैध शराब कारोबार में संलिप्त आरोपी अजय वर्मा उर्फ जनता (36 वर्ष) को रंगे हाथ पकड़ा। आरोपी के कब्जे से 125 लीटर कच्ची महुआ शराब, शराब निर्माण की सामग्री, गैस सिलेंडर, चुल्हा एवं अन्य उपकरण जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 55 हजार रुपये बताई गई है।
आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्यवाही कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।

सीपत पुलिस की रेड, दो आरोपी गिरफ्तार
वहीं थाना सीपत पुलिस ने ग्राम नरगोडा एवं ग्राम देवरी में अलग-अलग पुलिस टीमों द्वारा रेड कार्यवाही कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
ग्राम नरगोडा से अमन लोनिया (22 वर्ष) के कब्जे से 15 लीटर कच्ची महुआ शराब तथा ग्राम देवरी से जगत नारायण वस्त्रकार (40 वर्ष) के पास से 35 पाव देशी प्लेन शराब (6.300 लीटर) जब्त की गई। दोनों आरोपियों के विरुद्ध भी आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस की जनअपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब, नशा तस्करी या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना तुरंत अपने नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें। सूचना देने वाले का नाम पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा।
