तेज रफ्तार कार ने दो पत्रकारों को मारी टक्कर, हालत गंभीर, सीसीटीवी में कैद हुई घटना, साजिश की आशंका से भी नहीं किया जा रहा इंकार

मुंगेली।
मंगलवार रात मुंगेली में घर लौट रहे दो पत्रकार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए। इस दुर्घटना में प्रतिष्ठित अधिवक्ता, लोक अभियोजक एवं आरटीआई एक्टिविस्ट स्वतंत्र तिवारी तथा उनके साथी पत्रकार इमरान खोखर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं और वर्तमान में उनका इलाज अस्पताल में जारी है।

स्वतंत्र

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 11.15 बजे स्वतंत्र तिवारी अपने मित्र और साथी पत्रकार इमरान खोखर के साथ घर लौट रहे थे। जैसे ही दोनों मुंगेली के पड़ाव चौक के पास पहुंचे, उसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार ग्रे रंग की ऑल्टो कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कई फीट दूर उछलकर सड़क पर गिर पड़े और लहूलुहान हो गए।
घटना के तुरंत बाद सड़क पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में दोनों पत्रकार पड़े हुए थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे उनके मित्र और साथी पत्रकार आकाश दत्त मिश्रा एवं संजय जयसवाल की नजर घायलों पर पड़ी। उन्होंने तुरंत दोनों को पहचान लिया और बिना समय गंवाए स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया। तत्परता दिखाते हुए आकाश दत्त मिश्रा और संजय जायसवाल ने इलाज की पूरी व्यवस्था कराई, जिसकी हर ओर सराहना की जा रही है।


घायलों को रात में ही लाइफ लाइन अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों का सीटी स्कैन कराया गया और तत्काल इलाज शुरू किया गया। अत्यधिक खून बहने के कारण दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों को मल्टीपल फ्रैक्चर भी हुए हैं और उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

इधर, मुंगेली के प्रतिष्ठित अधिवक्ता और पत्रकार के सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने की खबर मिलते ही अस्पताल में पत्रकारों, अधिवक्ताओं और गणमान्य नागरिकों का जमावड़ा लग गया। सभी ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
घटना को लेकर सामने आए सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है कि टक्कर मारने के बाद ऑल्टो कार विपरीत दिशा में घूम गई और फिर तेज रफ्तार में बिलासपुर की ओर फरार हो गई। बताया जा रहा है कि कार पर मुंगेली जिले का ही पासिंग नंबर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन चालक की तलाश की जा रही है।


वहीं, स्थानीय पत्रकारों ने इस घटना को लेकर साजिश की आशंका भी जताई है। उनका कहना है कि स्वतंत्र तिवारी और इमरान खोखर लगातार ज्वलंत और विवादित मुद्दों पर लेखन करते रहे हैं तथा कई बड़े मामलों का खुलासा कर चुके हैं, जिससे वे अपराधियों के निशाने पर भी रहे हैं। ऐसे में यह केवल दुर्घटना नहीं, बल्कि किसी बड़ी राजनीतिक या आपराधिक साजिश का हिस्सा भी हो सकता है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। वहीं, इस घटना के बाद पुलिस पर निष्पक्ष और गहन जांच का दबाव भी बढ़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!