

कोरबा (छत्तीसगढ़)। जिले से मानवता को झकझोर देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। कोरबा में 19 वर्षीय युवती के साथ पांच लोगों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला उजागर हुआ है। आरोपियों में ‘डायल 112’ सेवा की गाड़ी का निजी ड्राइवर भी शामिल बताया जा रहा है। यह घटना 8 जनवरी की रात की है।
जानकारी के अनुसार, पांच आरोपियों में से एक युवक पीड़िता का परिचित था। उसी ने 8 जनवरी की रात युवती को फोन कर बुलाया। इसके बाद आरोपी उसे बांकिमोंगरा क्षेत्र के एक सुनसान मकान में ले गए, जहां ड्राइवर समेत चार अन्य युवकों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवती को बेहोशी की हालत में मौके पर छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह होश में आने के बाद पीड़िता अपने घर पहुंची और पूरी घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। परिजन तत्काल उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार और मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार को सिविल लाइंस थाना में इस मामले की शून्य एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसे बाद में जांच के लिए बांकिमोंगरा थाना स्थानांतरित कर दिया गया।
कोरबा के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि मामले में ‘डायल 112’ सेवा के निजी ड्राइवर सहित दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। वहीं, फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और मामले की गहन जांच जारी है।
