कोनी पुलिस का अवैध शराब पर प्रहार, 61 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर।
थाना कोनी पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 61 लीटर हाथ भट्टी से निर्मित कच्ची महुआ शराब जब्त की है। जब्त शराब की कीमत करीब 12 हजार 200 रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आबकारी एक्ट के तहत आरोपी श्रीलाल वर्मा (50 वर्ष), पिता स्वर्गीय सौखी लाल वर्मा, निवासी ग्राम जलसों, थाना कोनी, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। दिनांक 3 जनवरी 2026 को कोनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम जलसों वर्मा मोहल्ला, बिरकोना–जलसो नहर पुल के पास आरोपी भारी मात्रा में हाथ भट्टी की कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 15–15 लीटर के चार पीले रंग के प्लास्टिक डिब्बों में 60 लीटर तथा एक दो लीटर की हरे रंग की प्लास्टिक बोतल में 1 लीटर, कुल 61 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। आरोपी शराब रखने और बेचने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने शराब को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष रिमांड पर पेश किया जाएगा।
कोनी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों की सूचना तुरंत स्थानीय थाना या डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!