विदेशी स्कीम के नाम पर जेवर सहित तीन लाख की ठगी, पांच महिलाएं बनीं शिकार


बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम परसदा में एक शातिर महिला ठग ने विदेशी स्कीम का झांसा देकर एक ही परिवार की पांच महिलाओं से करीब तीन लाख रुपये की ठगी कर ली। ठग महिला ने सोने-चांदी के जेवर और कीमती बर्तन लेकर फरार हो गई। देर शाम तक आरोपी के वापस लौटने का इंतजार करने के बाद पीड़ित महिलाओं को ठगी का एहसास हुआ।
पीड़िता ममता सूर्यवंशी ने पुलिस को बताया कि 29 दिसंबर को एक अज्ञात महिला उनके घर पहुंची थी। उसने खुद को बर्तन बदलने वाली बताते हुए पुराने बर्तनों के बदले नए बर्तन देने का लालच दिया। इसके साथ ही उसने दावा किया कि यदि महिलाएं अपने सोने-चांदी के जेवर उसे देंगी, तो वह उनकी फोटो खींचकर विदेश भेजेगी, जिसके बदले उन्हें मोटी रकम के साथ जेवर वापस मिल जाएंगे।
महिला की बातों में आकर ममता सूर्यवंशी, उनकी जेठानी शुकवारा बाई, मिलापा सूर्यवंशी और बहू ममता ने अपने मंगलसूत्र सहित कीमती जेवर और बर्तन उसे सौंप दिए। आरोपी ने गांव की एक अन्य महिला सती चेलकर को भी इसी तरह ठगी का शिकार बनाया।
शाम तक आरोपी के न लौटने पर पीड़िताओं को ठगी का अहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने चकरभाठा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध महिला की तलाश कर रही है और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!