

बिलासपुर। थाना कोनी क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले दो व्यक्तियों के विरुद्ध बिलासपुर पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई की है। जमीन विवाद को लेकर लड़ाई-झगड़ा और हुज्जतबाजी कर क्षेत्र में अशांति फैलाने वाले दोनों आरोपियों को कोनी पुलिस ने प्रतिबंधात्मक धाराओं में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार साहू पारा सेंदरी निवासी गजेंद्र साहू (33 वर्ष) का लक्ष्मी नारायण साहू एवं जागेश्वर साहू के साथ जमीन को लेकर रास्ते के विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान अनावेदकों द्वारा लाठी-डंडा से लैस होकर आवेदक को मारने के लिए दौड़ाया गया। घटना की सूचना मिलते ही कोनी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।
पुलिस के समझाने के बावजूद दोनों आरोपियों ने मौके पर ही आवेदक के साथ मारपीट का प्रयास किया तथा पुलिस के सामने ही हुज्जतबाजी करते हुए विवाद जारी रखा। गंभीर घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया और माननीय न्यायालय में पेश किया।
गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मी नारायण साहू (54 वर्ष) एवं जागेश्वर साहू (33 वर्ष), दोनों निवासी साहू पारा सेंदरी थाना कोनी शामिल हैं।
कोनी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की अवैधानिक और अशांतिपूर्ण गतिविधियों पर आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाती रहेगी।
