

बिलासपुर। सिविल लाइन पुलिस ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई कार्रवाई के तहत एक ही दिन में तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अवैध हथियार रखने वाले तीन आरोपियों को पकड़ने के साथ ही अशांति फैलाने वालों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की है। इसके अलावा हत्या के एक फरार आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।
थाना सिविल लाइन पुलिस के अनुसार, दिनांक 16 अक्टूबर 2025 को कुदुदंड डबरीपारा क्षेत्र में तीन संदिग्ध व्यक्तियों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके पास से दो नग लोहे के कत्ते और एक नग लोहे का चापड़ बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम प्रिंस उर्फ बब्बू मराठा (42 वर्ष) निवासी कंपनी गार्डन डबरीपारा, दुर्गेश यादव (30 वर्ष) निवासी कुदुदंड, और जफर खान (23 वर्ष) निवासी कुदुदंड, थाना सिविल लाइन बताया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।

इसी दौरान थाना क्षेत्र में अशांति फैलाने वाले तीन अन्य युवकों पर भी प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई है। इनमें राजा सिंह ठाकुर उर्फ राजा बिहारी (23 वर्ष) निवासी मिनी बस्ती जरहाभाठा, सौरभ श्रीवास्तव (27 वर्ष) निवासी गोडपारा गोलबाजार, और सोयम साहू (23 वर्ष) निवासी तेलीपारा शामिल हैं।
वहीं, पुलिस ने हत्या के एक पुराने मामले में फरार चल रहे आरोपी को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। अपराध क्रमांक 805/2025, धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत दर्ज प्रकरण में आरोपी छोटू उर्फ कुंवर सिंह बारमते (35 वर्ष) निवासी मिनी बस्ती जरहाभाठा, 13 जुलाई 2025 से फरार था। पुलिस ने लगातार प्रयास के बाद उसे 16 अक्टूबर 2025 को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी सिविल लाइन ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजनेश सिंह (भापुसे) के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई। क्षेत्र में सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु ऐसे सतत अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
