

बिलासपुर | प्रति वर्ष अनुसार इस वर्ष भी भगवान महाप्रभु जगन्नाथ जी की रथ यात्रा का भव्य आयोजन नगर में श्रद्धा और भक्ति के साथ किया गया। यह पावन यात्रा सिम्स परिसर स्थित शीतला माता मंदिर से प्रारंभ हुई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

रथ यात्रा का शुभारंभ चेहरा पहरा की परंपरागत रसम से हुआ, जिसे गौ सेवक विपुल शर्मा द्वारा पूर्ण विधि-विधान से संपन्न किया गया। इसके पश्चात मंदिर के पुजारी गोपाल कृष्ण रामानुज दास ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ महाआरती कर रथ को आरंभ किया।
रथ पर भगवान जगन्नाथ, देवी सुभद्रा एवं बलभद्र महाप्रभु आरूढ़ होकर भक्तों को नगर भ्रमण के दौरान दर्शन देते रहे। भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। चारों ओर “हरि बोल”, “जय जगन्नाथ” के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति भाव में डूबे हुए रथ के साथ पैदल चलते हुए नगर भ्रमण में शामिल रहे।

इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद तथा पुरी का प्रसिद्ध खाजा प्रसाद वितरित किया गया, जिसे भक्तों ने बड़े श्रद्धा से ग्रहण किया। आयोजन के दौरान पंडित शांति स्वरूप पांडे, आशीष यादव, अक्षय गुप्ता (काव्य सोमावार), पुष्पदंत शर्मा, विपुल शर्मा एवं आशुतोष अवस्थी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

रथ यात्रा का समापन पुनः शीतला माता मंदिर में हुआ, जहां भक्तों ने आरती कर भगवान से नगर की सुख-समृद्धि की कामना की। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा, बल्कि सांस्कृतिक एकता और जनसमूह के सामूहिक श्रद्धाभाव का परिचायक भी बना।
