भाजपा के शुद्धिकरण के लिए कांग्रेसियों ने गंगाजल, गोमूत्र और गोबर का किया छिड़काव, भाजपा को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना

भानूप्रतापपुर के उपचुनाव की सियासी आंच बिलासपुर तक पहुंच गई है। कांग्रेस ने भाजपा के चाल चरित्र और चेहरे को लेकर सड़क की आंदोलन शुरू कर दी है। इसी कड़ी में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आज कांग्रेस ने भाजपा व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोला और गंगाजल गोमूत्र और गोबर लेकर विरोध आंदोलन किया। कांग्रेसी गंगाजल गोमूत्र और गोबर लेकर सबसे पहले भाजपा के महतारी हुंकार रैली के सभा स्थल नेहरू चौक पहुंचे। यहां गंगाजल का छिड़काव करते हुए कांग्रेस ने स्थल का शुद्धिकरण किया। इसके साथ ही पुरोहितों की मौजूदगी में कांग्रेस ने सभा स्थल में ही शुद्धि पाठ भी किया।

इसके बाद कांग्रेसी गंगाजल गोमूत्र और गोबर लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव के बंगले का घेराव करने भी निकले। जिन्हें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बंगले से पहले पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोक लिया। जिसके बाद कांग्रेसियों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के नाम एसडीएम को गंगाजल गोमूत्र और गोबर सौंपकर अपना विरोध दर्ज कराया। इसके साथ ही कांग्रेसियों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि चाल चरित्र और चेहरे की दुहाई देने वाली पार्टी का असली चेहरा सामने आ चुका है। जिस तरह भानूप्रतापपुर के उपचुनाव में एक अपराधिक पृष्ठभूमि व महिला के साथ दुराचार के आरोपी को प्रत्याशी बनाया गया है, इससे स्पष्ट है कि भाजपा का चाल चरित्र और चेहरा क्या है। आगे कांग्रेसियों ने कहा कि, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भी इसके साथ बेनकाब हुए हैं। जिस तरह से प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहले चुनाव में ही उन्होंने महिलाओं की अस्मिता से खिलवाड़ करने वाले व्यक्ति को पार्टी का प्रत्याशी बनाया है इससे भाजपा और उनकी सोच भी सबके सामने आ गई है। कांग्रेसियों ने इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि, जो केंद्रीय मंत्री कल तक महिलाओं के अस्मिता की बात कर बड़ी-बड़ी बातें कर रही थी। आज उनकी ही पार्टी ने उनकी इन बातों को गलत साबित कर दिया है। कांग्रेसियों ने बताया कि भाजपा के इस कृत्य से छत्तीसगढ़ कलंकित हुआ है, जिसके लिए कांग्रेस भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को गंगाजल सौंप कर शुद्धीकरण कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
06:18