

पिछले दिनों भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बदले जाने के बाद से यह कयास लगाया जा रहा था कि संगठन को मजबूत करने की दिशा में पहल करते हुए भारतीय जनता पार्टी बड़े पैमाने पर जिला अध्यक्ष भी बदलने की तैयारी में है। मंगलवार देर शाम 13 जिलों के जिला अध्यक्षों के नाम घोषित किए गए। इनमें से ज्यादातर जिले वह है जो नए बने हैं। रायपुर शहर के लिए जयंती पटेल को जिला अध्यक्ष बनाया गया है। इसी तरह बृजेश ब्रिजपुरिया, भिलाई , रमेश पटेल राजनांदगांव, संजीव शाह मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी, धम्मन साहू खैरागढ़ छुईखदान गंडई ,रूप साय सलाम नारायणपुर, धनीराम बारसे सुकमा, कृष्णकांत चंद्रा सक्ति, गुलाब चंदेल जांजगीर-चांपा ,सुभाष जालान सारंगढ़, सुनील गुप्ता जशपुर , अनिल केशवानी मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर और कृष्ण बिहारी जयसवाल कोरिया के जिला अध्यक्ष बनाए गए हैं।
प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप ने सूची जारी करते हुए बताया कि यह सभी जिला अध्यक्ष तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं। हालांकि यह कयास लगाया जा रहा था कि बिलासपुर में भी जिला अध्यक्ष बदले जाएंगे लेकिन चुनावी साल में बगावत के डर से भारतीय जनता पार्टी ने इस मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया है। कहा तो यह भी जा रहा था कि इस बार विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव की तर्ज पर नए चेहरों को आजमा सकती है, लेकिन जिलाध्यक्ष बनाने में जिस तरह से कदम पीछे खिंचे गए हैं उसे देखकर लगता नहीं कि भारतीय जनता पार्टी इस बार विधानसभा चुनाव में भी कुछ बड़े चेहरों को टिकट देने से मना कर पाएगी।

