
बिलासपुर। रेलवे स्टेशन बिलासपुर में चोरी के मोबाइल बेचने की फिराक में घूम रहे दो युवकों को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत ₹40,600 बताई गई है। पुलिस अब इन मोबाइलों के वास्तविक मालिकों की तलाश कर रही है।
जीआरपी से मिली जानकारी के अनुसार, रेल पुलिस अधीक्षक रायपुर दिव्यांग पटेल के निर्देशन एवं उप पुलिस अधीक्षक (रेल) बिलासपुर तोवियस खाखा के मार्गदर्शन में ट्रेनों में चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 24 जुलाई को रेलवे स्टेशन बिलासपुर में सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में घूम रहे दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम यश मानिकपुरी (22 वर्ष) निवासी संतोषी मंदिर बायपास रोड, वार्ड क्रमांक 8, कोरबा तथा सोनू बरेठ (24 वर्ष) निवासी साहू मोहल्ला, वायरलेस ऑफिस के पास, वार्ड क्रमांक 8, कोरबा बताया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बिलासपुर से रायगढ़ के बीच चलने वाली यात्री ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल एवं अन्य कीमती सामान चोरी करते थे। चोरी का सामान बेचकर प्राप्त रकम आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से चार चोरी के मोबाइल बरामद किए, जिन्हें वे रेलवे स्टेशन परिसर में ग्राहक तलाशकर बेचने की कोशिश कर रहे थे।
आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि ट्रेन से चोरी की गई दो सोने की अंगूठियां उन्होंने सरगबुंदिया के एक ज्वेलर्स को ₹21,000 में बेच दी थीं और मिली रकम खर्च कर दी।
जीआरपी ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस बरामद मोबाइलों के वास्तविक मालिकों की पहचान करने में जुटी हुई है।
