
शशि मिश्रा
बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र में एक कथित वेलफेयर सोसायटी के सदस्यों पर एक परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने, उनकी गाय जबरन ले जाने और विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप लगा है। पीड़ित परिवार ने पूरे मामले की शिकायत सरकंडा थाने में की है। पुलिस आवेदन लेकर मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, प्रभु दयाल खंडेलवाल आवास, सरकंडा निवासी राजकुमारी दुबे ने अपने घर में एक गाय पाल रखी थी। आरोप है कि क्षेत्र में संचालित श्री श्याम वेलफेयर सोसायटी के कुछ सदस्य लंबे समय से उनके परिवार पर मानसिक दबाव बना रहे हैं और विभिन्न तरीकों से प्रताड़ित कर रहे हैं।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि 21 जुलाई की रात करीब 2:30 बजे कुछ लोग नगर निगम की गाड़ी जैसी एक वाहन लेकर उनके घर पहुंचे और गाय को उसमें भरकर अपने साथ ले गए। घटना के बाद जब परिवार ने नगर निगम के अधिकारियों से जानकारी ली तो अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नगर निगम इस प्रकार की कार्रवाई रात के समय नहीं करता। इससे परिवार को संदेह है कि गाय को किसी अन्य व्यक्ति द्वारा ले जाया गया।
परिवार का कहना है कि उन्होंने पहले भी संबंधित लोगों की शिकायत अधिकारियों से की थी। इसी वजह से उनसे रंजिश रखी जा रही है और क्षेत्र में वर्चस्व कायम करने के उद्देश्य से उन्हें लगातार निशाना बनाया जा रहा है।
परिजनों के अनुसार, शनिवार को इस संबंध में पूछताछ करने के लिए राजकुमारी दुबे के पुत्र अभिमन्यु दुबे कथित सोसायटी के सदस्यों के पास पहुंचे। आरोप है कि वहां सुरेश प्रजापति, राकेश, संजू और राठौर ने उनके साथ मारपीट की।
अभिमन्यु दुबे ने घटना की शिकायत सरकंडा थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। खबर लिखे जाने तक श्री श्याम वेलफेयर सोसाइटी का पक्ष सामने नहीं आया है लेकिन बताया जा रहा है कि उनकी तरफ से भी थाने में शिकायत की गई है।
