

मुंगेली। मुंगेली पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता का एक और उदाहरण सामने आया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में डायल-112 टीम ने सड़क दुर्घटना में घायल युवक को मात्र दो मिनट में मौके पर पहुंचकर अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसे समय पर उपचार मिल सका।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर 12:56 बजे डायल-112 को सूचना मिली कि सल्फा चौक, सरगांव के पास एक युवक सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही डायल-112 टीम तत्काल रवाना हुई और करीब 2 किलोमीटर की दूरी तय कर 12:58 बजे घटनास्थल पर पहुंच गई।
घायल युवक ने अपना नाम बसंत पाटले (28 वर्ष) निवासी सेवती, बिल्हा, जिला बिलासपुर बताया। उसने पुलिस को बताया कि वह अपने ससुर के साथ मोटरसाइकिल से बिल्हा से संबलपुर स्थित ससुराल जा रहा था। इसी दौरान अचानक उसे दौरा आने से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया। हादसे में उसके सिर, आंख के ऊपर और पैर में चोटें आईं।
डायल-112 टीम ने बिना समय गंवाए घायल को सुरक्षित वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरगांव पहुंचाया, जहां उसे तत्काल भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घायल को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकी।
इस सराहनीय कार्य में डायल-112 के आरक्षक सूरज कुमार धुरी (आरक्षक क्रमांक 429) तथा चालक साहेब लाल नवरंग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मुंगेली पुलिस ने कहा है कि आमजन की सुरक्षा तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और डायल-112 सेवा इसी प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्य कर रही है।
