पहले तो बांझ कह कर पत्नी को घर से निकाला , फिर बिना तलाक के कर लिया दूसरा विवाह

शिवम सिंह राजपूत

पहले तो संतान ना होने पर पत्नी को बांझ कहकर प्रताड़ित किया और फिर बगैर तलाक ही दूसरा विवाह भी कर लिया। इस मामले में तखतपुर क्षेत्र के पकरिया निवासी सुकृता महिलांगे ने बेलगहना चौकी में पति और सास ससुर के खिलाफ मामला दर्ज किया है ।जनवरी 2017 में पकरीया निवासी सुकृता महिलांगे का विवाह बेलगहना चौकी अंतर्गत ग्राम करवा निवासी सुनील कुमार महिलांगे के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति सुनील महिलांगे के साथ सास जमुना बाई महिलांगे और ससुर रामचंद्र महिलांगे अलग-अलग बात पर उसे प्रताड़ित कर रहे थे। विवाह के कुछ समय बाद भी सुकृता को संतान ना होने पर उसे बांझ कहकर प्रताड़ित किया जाने लगा। इसके बाद वह अपने मायके चली गई थी ।

मई 2018 में सुकृता ने अपने पति और सास-ससुर के खिलाफ मारपीट की शिकायत महिला थाने में भी दर्ज कराई थी। उस दौरान दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। बाद में कुछ समय तक सुकृता अपने ससुराल में रही लेकिन दिसंबर 2019 में उसके साथ मारपीट किए जाने के बाद वह एक बार फिर मायके लौट गई। इसी दौरान पता चला कि सुनील कुमार महिलांगे ने अपने ही गांव करवा में रहने वाले जनक राम बघेल की बेटी के साथ विवाह कर लिया है। जबकि सुनील पूर्व से विवाहिता है और उसका सुकृता के साथ ना तो तलाक हुआ था और ना ही सुकृता ने विवाह के लिए उसे स्वीकृति दी थी ।इसकी जानकारी होने पर सुकृता महिलांगे ने अपने पति और सास-ससुर के खिलाफ बेलगहना चौकी में मामला दर्ज करा कर कार्यवाही की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!