
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के चिंगराजपारा स्थित एक किराना दुकान में अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर करीब तीन लाख रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान का पिछला दरवाजा तोड़कर भीतर घुसे और नकदी सहित चांदी के सामान व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, चिंगराजपारा निवासी आशीष साहू की प्रभात चौक स्थित गोपाल किराना दुकान है। 15 जुलाई की रात वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो पीछे का दरवाजा टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था।
जांच में पता चला कि चोर दुकान की तिजोरी से करीब 2.50 लाख रुपये नकद, चांदी के सिक्के, चांदी की लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, सैमसंग की स्मार्ट वॉच, ईयरफोन तथा उनके भतीजे अंकित साहू का पर्स भी चोरी कर ले गए। पर्स में पैन कार्ड, आधार कार्ड और स्कूटी की आरसी रखी हुई थी। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है।
पीड़ित ने सामान का मिलान करने के बाद 17 जुलाई को सरकंडा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
