देश के वार्षिक बजट का स्वागत करते हुए बिलासपुर जिले के भाजपा नेताओं ने इसे बताया महा प्रगति का संकल्प पत्र

बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी की जिला बिलासपुर इकाई ने मंगलवार को संसद में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा वर्ष 2022-2023 के लिए प्रस्तुत बज़ट को देश की आर्थिक महाप्रगति का संकल्प पत्र बताते हुए बज़ट का स्वागत किया है। भाजपा नेताओं ने कहा कि आर्थिक-स्वावलंबन की परिकल्पना को साकार करने वाले इस बज़ट से देश के आत्मनिर्भर सर्वांगीण विकास के अनेक रास्ते खुलेंगे।
छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि बज़ट किसानों-मज़दूरों व ग़रीबों के जीवन-स्तर को ऊपर उठाने वाला सिद्ध होगा।

केंद्र सरकार ने देश के हर तबक़े के बुनियादी विकास का खाका पेश कर अगले 25 सालों के लिए विकास का ब्लू प्रिंट देश के सामने रखा है। बुनियादी ज़रूरतों की चीजों को सस्ता करके केंद्र सरकार ने देश में लोगों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया है। राज्यों को दी जाने वाली वित्तीय सहायता बढ़ाकर 1 लाख करोड़ रुपए करना केंद्र सरकार के संवेदनक्षम नेतृत्व व देश के सभी राज्यों के समुचित विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को व्यक्त करने वाला है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने कहा कि केंद्रीय बज़ट देश की आवश्यकताओं और आर्थिक विकास को ध्यान में रखकर बनाया गया है। यह बज़ट ग्रोथ ओरिएंटेड है और देश की आर्थिक प्रगति को केंद्र में रखा गया है। इसमें राजनीतिक फ़ायदे उठाने का राजनीतिक चातुर्य दिखाने के बजाय हर वर्ग को फ़ायदा पहुँचाने की सदाशयता झलक रही है। केंद्र सरकार का यह बज़ट बहुत संतुलित व सुविचारित दृष्टिकोण का परिचायक है। आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को धरातल पर साकार करने के संकल्प को व्यक्त करता यह बज़ट जहाँ रोज़गार के नए अवसर मुहैया कराने की गारंटी दे रहा है, वहीं ढाँचागत विकास व निवेश पर ज़ोर देने वाला है।
भा.ज.पा. के राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य एवं सांसद अरुण साव ने कहा कि केंद्रीय बजट 2022-23 समृद्ध और सशक्त भारत के निर्माण का बजट है।,जिसमें सभी वर्ग के सुनहरे भविष्य के निर्माण को ध्यान में रखा गया है। यह बजट ऐतिहासिक एवं स्वागत योग्य है। श्री साव ने कहा ऐसे समय में जबकि कोरोना की वैश्विक महामारी से दुनियां की अर्थव्यवस्था कमजोर हुई है, वही हमारे देश में कुशल आर्थिक प्रबंधन के कारण आर्थिक विकास दर 9.2 प्रतिशत रहने का अनुमान है, यह सभी बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में सबसे अधिक है। इस बजट में सभी वर्ग के कल्याण को ध्यान में रखा गया है, विशेष कर युवाओं, महिलाओं एवं किसानों का। यह बजट एक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का बजट है। यह बजट ऐतिहासिक एवं स्वागत योग्य है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री भूपेन्द्र सवन्नी ने कहा कि 400 नई वंदे भारत और 100 गतिशक्ति कार्गो ट्रेन शुरू करके केंद्र सरकार जहाँ देश की अर्थ-व्यवस्था को मज़बूती देने जा रही है, वहीं सड़क मार्गों के लिए 20हज़ार करोड़ रुपए का प्रावधान कर देश को एक कोने से दूसरे कोने तक जोड़ने का काम कर रही है। बज़ट हर तरह से स्वागत योग्य है। बिजली की बढ़ती खपत को ध्यान में रखकर केंद्र सरकार ने सौर ऊर्जा की मद पर 19,500 करोड़ रुपए का प्रावधान कर देश की ज़रूरतों पर ध्यान केंद्रित किया है। इसी प्रकार रक्षा उपकरणों के आयात पर निर्भरता को घटाने और घरेलू उत्पादन पर जोर देने का निर्णय स्वागतेय है।
मस्तूरी विधायक डॉ.कृष्णमूर्ति बांधी ने केमिकल फ्री खेती को बढ़ावा देने के केंद्र सरकार के संकल्प का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने किसानों की वित्तीय सहायता बढ़ाने का प्रावधान करके देश के अन्नदाताओं का सम्मान बढ़ाया है और यह सिद्ध कर दिया है कि किसानों के पुरुषार्थ व जीवन-स्तर को ऊपर उठाने के लिए जिन प्रतिबद्धताओं की आवश्यकता होती है, केंद्र सरकार उस कसौटी पर खरी उतरी है। कुल मिलाकर केंद्र सरकार का यह बज़ट देश की अर्थ-व्यवस्था पर फ़ोकस करने वाला है और दीर्घकालिक सुपरिणाम देने वाला है।
बेलतरा विधायक रजनीश सिंह ने कहा कि देश के आशा आकांक्षाओं का बजट है। किसानों के फसल एमएसपी संचालन हेतु 2.37 करोड़ की व्यवस्था की गई है। जनवरी में रिकार्ड जीएसटी कलेक्शन 1.40 करोड़ हुआ है। पुंजीगत व्यय को बढाया गया है जिसके कारण रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे और आर्थिक गतिविधियां तेज होगी। रोड, रेल्वे, हवाई सेवा जैसे इंफ्रास्ट्रकचर हेतु प्रावधान किया गया है। राज्यों को ऋण देने हेतु 5 लाख करोड़ फंड की व्यवस्था की गई है। दो वर्ष कोरोना के संक्रमण काल के बाद भी विकास दर 9.2 प्रतिशत रहेगी यह बड़़ी उपलब्धि है।भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव कुमावत ने कहा कि केंद्र सरकार ने अपने इस बज़ट के ज़रिए देश में रोज़गार के नए अवसरों का सृजन करने का संकल्प व्यक्त करके देशभर की मेदावी युवा पीढ़ी को उम्मीदों और विश्वास की नई रोशनी दिखाई है। स्टार्ट-अप के लिए ड्रोन शक्ति योजना, तकनीकी क्षेत्र को समुन्नत बनाने 5-जी स्पेक्ट्रम की नीलामी जैसे निर्णय लेकर केंद्र सरकार ने एक नए भारत के निर्माण की उद्घोषणा की है। केंद्र सरकार का यह बज़ट बाज़ार के लिहाज़ से किसी तरह ख़राब नहीं माना जाएगा। पहली बार देश में कैपिटल एक्सपेंडिचर को 35 फ़ीसदी बढ़ाने का ऐतिहासिक काम केंद्र सरकार ने किया है। राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती हर्षिता पाण्डेय ने आम बजट 2022 का स्वागत करते हुए इसे महिला उंन्मुखी बताया। श्रीमती हर्षिता पाण्डेय ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीता रमन ने इस बजट में महिलाओं के लिए मिशन शक्ति, मिशन वात्सल्य और पोषण 2 जैसी योजनाएं प्रस्तुत की है, जो कि महिलाओं के लिए काफी उपयोगी साबित होंगी। श्रीमती पाण्डेय ने डिजिटल यूनिवर्सिटी बनाने की घोषणा को भी स्वागतेय बताया। भाजपा जिला महामंत्री घनश्याम कौशिक, मोहित जायसवाल, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष गुलशन ऋषि, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष निखिल केशरवानी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष जयश्री चौकसे, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार कौशिक, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद कश्यप, अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश सूर्या, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष सैय्यद मकबूल अली, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिलाध्यक्ष लखन पैकरा एवं समस्त भाजपा मंडल अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने अपने इस बज़ट से यह स्पष्ट कर दिया है कि देश की आर्थिक प्रगति उसके लिए अहम है और पाँच राज्यों में हो रहे चुनाव के बीच यह बज़ट इसलिए भी क्रांतिकारी माना जाएगा कि केंद्र सरकार ने किसी तरह की लोक-लुभावन घोषणा से इस बज़ट को पूरी मुक्त रखा है। एक ज़िम्मेदार सरकार होने के नाते केंद्र ने अब तक देश की ठोस आर्थिक प्रगति के जो आयाम गढ़े हैं, उन्हें यह बज़ट एक नई ऊँचाई प्रदान करेगा और देश की अर्थ-व्यवस्था को लेकर मिथ्या प्रलाप कर देश को ग़ुमराह करने वाले विरोधियों को मुँहतोड़ ज़वाब देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!