
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) छत्तीसगढ़ के प्रदेश मंत्री श्री सन्नी केशरी को भाजपा संगठन द्वारा सरगुजा जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है। प्रदेश नेतृत्व द्वारा जारी नियुक्ति के बाद प्रदेश एवं सरगुजा संभाग के कार्यकर्ताओं में हर्ष का वातावरण है।
श्री सन्नी केशरी लंबे समय से भारतीय जनता युवा मोर्चा में सक्रिय रहकर संगठन को मजबूत बनाने का कार्य करते रहे हैं। उनकी संगठनात्मक क्षमता, सक्रिय कार्यशैली एवं युवाओं के बीच मजबूत पकड़ को देखते हुए प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें सरगुजा जिले की महत्वपूर्ण नवीन जिम्मेदारी सौंपी है। इससे पहले भी विपक्ष में रहते हुए भी श्री केसरी को परिवर्तन यात्रा में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी, लोकसभा चुनाव में भाजयुमो की तरफ से जांजगीर लोकसभा प्रभारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं रायगढ़ जिला प्रभारी जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिल चुकी हैं।
इस अवसर पर श्री केशरी ने प्रदेश नेतृत्व के प्रति भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल जी, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री पवन साय जी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण सिंहदेव जी, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्री राहुल टिकरिहा जी एवं समस्त प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन द्वारा उन पर जताए गए विश्वास पर वे पूरी निष्ठा, समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि सरगुजा जिले में संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने, बूथ स्तर तक युवा मोर्चा को मजबूत करने तथा अधिकाधिक युवाओं को भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।
भाजयुमो कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने श्री सन्नी केशरी को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सरगुजा जिले में युवा मोर्चा संगठन को नई ऊर्जा और नई दिशा मिलेगी।
