
बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गणेश चौक स्थित एक सूने मकान में हुई चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए 10 से 13 वर्ष आयु के तीन विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, बहुमूल्य रत्न सहित बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार गणेश चौक निवासी रजनीश सेठ 18 जुलाई से परिवार सहित ऋषिकेश घूमने गए थे। उनके घर पर रात 10 बजे से सुबह 7 बजे तक एक सुरक्षा गार्ड तैनात रहता था। 23 जुलाई की रात गार्ड ने घर के पीछे लगी विंडो एसी निकली हुई देखी और इसकी सूचना रजनीश सेठ को दी। इसके बाद उनके पुत्र और एक परिचित ने घर पहुंचकर जांच की, जिसमें पता चला कि अज्ञात चोर विंडो एसी हटाकर घर के भीतर घुसा और अलमारी की चाबी से अलमारी खोलकर चोरी कर फरार हो गया।
प्रारंभिक जानकारी में करीब ₹1.85 लाख से ₹2.35 लाख नकद, 15 से 20 तोला सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी होने की आशंका जताई गई थी। हालांकि घर लौटकर जांच करने पर कुछ कीमती सामान सुरक्षित मिल गए। इसके बाद प्रार्थी ने वास्तविक चोरी गए सामान की लिखित रिपोर्ट थाना सिविल लाइन में दर्ज कराई, जिस पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिविल लाइन पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर 10 से 13 वर्ष आयु के तीन विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने चोरी की वारदात करना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी गया मशरूका बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹1,06,635 नकद, ₹4,500 के पुराने नोट, सोने-चांदी के विभिन्न आभूषण, बहुमूल्य रत्न, पीतल और कांसे के पूजा एवं घरेलू उपयोग के सामान, नल की टोटियां, सिटकनी, कब्जे तथा अन्य धातु के फिटिंग संबंधी सामान जब्त किया है।
पुलिस ने बताया कि बरामद सामान की पहचान प्रार्थी द्वारा कर ली गई है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए तीनों विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम तथा अन्य प्रचलित कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
