
बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के घोंघा नाला एनीकट में चप्पल निकालने की कोशिश के दौरान नशे में धुत एक राजमिस्त्री तेज बहाव में बह गया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने करीब 12 घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद उसका शव बरामद किया।
पुलिस के अनुसार ग्राम विंध्यासार निवासी हेतराम उर्फ मुकेश साहू (38), पिता शिवराम साहू, गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे घोंघा नाला एनीकट के पास पहुंचा था। बताया जा रहा है कि इस दौरान उसकी एक चप्पल पानी में गिर गई। चप्पल निकालने के प्रयास में उसका पैर फिसल गया और वह एनीकट में गिरकर तेज बहाव में बह गया।
घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। तेज जलधारा के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। लगातार करीब 12 घंटे की तलाश के बाद शाम करीब 6:15 बजे एनीकट के नीचे मुहाने के गहरे गड्ढे से हेतराम का शव बरामद किया गया।
शिवनाथ नदी में बहा युवक अब भी लापता
इधर, पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम जोधरा निवासी सुखदेव केवट (28) का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। वह एक दिन पहले शिवनाथ नदी में मछली पकड़ने के दौरान तेज बहाव में बह गया था। दूसरे दिन भी बलौदाबाजार, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा की एसडीआरएफ टीमों ने संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका।
लगातार हो रही बारिश और नदियों-नालों में बढ़े जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से जलाशयों, एनीकट और उफनते नदी-नालों के पास अनावश्यक रूप से जाने से बचने की अपील की है।
