
बिलासपुर। मानसून के दौरान बढ़ते सड़क हादसों की आशंका को देखते हुए बिलासपुर यातायात पुलिस ने वाहन चालकों और आम नागरिकों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने बारिश के मौसम में फिसलन, जलभराव, कम दृश्यता और क्षतिग्रस्त सड़कों पर अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील करते हुए आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया है।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यह एडवाइजरी जारी की गई है। यातायात पुलिस ने बताया कि बारिश के मौसम में सड़कें फिसलनभरी हो जाती हैं और जलभराव व कम दृश्यता के कारण दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से यात्रा शुरू करने से पहले वाहन की पूरी जांच करने की सलाह दी है। इसमें टायरों की स्थिति और हवा का दबाव, वाइपर, वॉशर फ्लूइड, ब्रेक, हेडलाइट, टेललाइट, फॉग लाइट और इंडिकेटर की कार्यशीलता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
पुलिस ने वाहन चलाते समय सामान्य दिनों की तुलना में 20 से 30 प्रतिशत कम गति रखने, आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखने, कम दृश्यता होने पर लो-बीम हेडलाइट का उपयोग करने तथा गीली सड़क पर अचानक ब्रेक लगाने या तेज मोड़ लेने से बचने की सलाह दी है। साथ ही चलती गाड़ी में हैजर्ड लाइट का अनावश्यक उपयोग नहीं करने की भी अपील की गई है।
जलभराव वाले मार्गों को लेकर पुलिस ने कहा है कि यदि पानी का स्तर पहियों के आधे हिस्से से अधिक हो तो वाहन उसमें न उतारें। यदि मजबूरी में ऐसे रास्ते से गुजरना पड़े तो पहले गियर में धीमी और लगातार गति से वाहन चलाएं। पानी से भरे गड्ढों की गहराई का अनुमान लगाना कठिन होता है, इसलिए ऐसे स्थानों पर विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
दोपहिया वाहन चालकों को आईएसआई मार्का हेलमेट पहनने, वाइज़र साफ रखने, चमकीले रंग का रेनकोट पहनने तथा गीले मोड़ों पर धीमी गति से वाहन चलाने की सलाह दी गई है। वहीं पैदल यात्रियों से फुटपाथ और जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने, जलभराव वाले क्षेत्रों में बहते पानी से दूर रहने तथा बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मर और लटकते बिजली के तारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।
यातायात पुलिस ने यह भी कहा है कि यदि वाहन पानी में बंद हो जाए तो उसे दोबारा स्टार्ट करने का प्रयास न करें। पहले सुरक्षित स्थान पर जाएं और आवश्यकता होने पर पुलिस अथवा संबंधित सहायता सेवा को सूचना दें।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के कारण सड़क पर किसी भी प्रकार की बाधा, जलभराव या अन्य समस्या दिखाई देने पर इसकी जानकारी तुरंत नजदीकी थाना, पुलिस कंट्रोल रूम या यातायात पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर सुरक्षित और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
