
बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना पुलिस ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के अभियान के तहत अशांति फैलाने और सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी करने वाले छह लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर), नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) तथा थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी के मार्गदर्शन में क्षेत्र में लगातार सघन पेट्रोलिंग अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के दौरान सिरगिट्टी पुलिस और बीट आरक्षकों ने अलग-अलग स्थानों से अशांति फैलाने और अड्डेबाजी करते मिले छह लोगों को पकड़कर उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों में महेश कुमार निर्मलकर (24), कुशा आडिज्वाय (20), पररुराम बंछोर (21), शुशांत यादव (19), गौरकरण उर्फ मोनू यादव (21) और परदेशी राम यादव (50) शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को विधि अनुसार कार्रवाई के लिए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया।
सिरगिट्टी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी, अड्डेबाजी या कानून-व्यवस्था भंग करने जैसी गतिविधियों में संलिप्त दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
