
आकाश मिश्रा

बिलासपुर। एनएसयूआई छत्तीसगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष लक्की शुशांक मिश्रा के नेतृत्व में सोमवार को संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर से मुलाकात कर छात्र हित से जुड़े दो महत्वपूर्ण मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने शासकीय ई. राघवेंद्र राव विज्ञान महाविद्यालय के खेल मैदान का व्यावसायिक उपयोग बंद करने तथा विज्ञान महाविद्यालय परिसर स्थित बालिका छात्रावास को छात्राओं के लिए पुनः शुरू करने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि शासकीय ई. राघवेंद्र राव विज्ञान महाविद्यालय का खेल मैदान विद्यार्थियों के खेल प्रशिक्षण, शारीरिक विकास और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में इस मैदान का किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि या आयोजन के लिए आवंटन छात्र हितों के विपरीत है। संगठन ने मैदान का व्यावसायिक उपयोग तत्काल बंद करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने दूसरी मांग के रूप में विज्ञान महाविद्यालय परिसर स्थित बालिका छात्रावास को उसके मूल उद्देश्य के अनुरूप छात्राओं के लिए उपलब्ध कराने की मांग उठाई। एनएसयूआई का कहना है कि छात्रावास का लंबे समय से अन्य कार्यों के लिए उपयोग किए जाने के कारण दूर-दराज़ से आने वाली छात्राओं को सुरक्षित आवास नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
एनएसयूआई पदाधिकारियों ने कलेक्टर से दोनों मामलों में शीघ्र आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई करने का आग्रह किया। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि छात्र हित से जुड़े इन मुद्दों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला उपाध्यक्ष अदिति वर्मा, सुमित सूर्यवंशी, ऋषि पटेल, शानू खान, प्रदेश संयोजक उमर अहमद, शाकिब फारूकी सहित एनएसयूआई के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
