

बिलासपुर/रायपुर, 20 जुलाई। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने बड़ा प्रशासनिक निर्णय लेते हुए बिलासपुर जिले के जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) के पद का अतिरिक्त प्रभार डॉ. अजय कौशिक को सौंप दिया है।
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा 20 जुलाई 2026 को मंत्रालय, महानदी भवन, अटल नगर नवा रायपुर से जारी आदेश के अनुसार, कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, बिलासपुर में पदस्थ सहायक संचालक (मूल पद प्राचार्य) डॉ. अजय कौशिक अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ जिला शिक्षा अधिकारी, बिलासपुर का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।
शासन ने आदेश में स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था जिला शिक्षा अधिकारी के पद पर नियमित नियुक्ति होने तक प्रभावी रहेगी।
माना जा रहा है कि इस अंतरिम व्यवस्था से बिलासपुर जिले में शिक्षा विभाग के प्रशासनिक कार्यों की निरंतरता बनी रहेगी तथा विभागीय योजनाओं और शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन बिना किसी व्यवधान के सुचारु रूप से जारी रहेगा।
