
बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के सिलपहरी औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कोल्ड स्टोरेज एवं पशु आहार निर्माण इकाई में मैनेजर द्वारा 8 लाख 71 हजार 556 रुपए के गबन का मामला सामने आया है। धोखाधड़ी का खुलासा होने पर संचालक ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, हेमू नगर निवासी जीवतराम रोहरा सिलपहरी औद्योगिक क्षेत्र में बीजीआर कोल्ड स्टोरेज के साथ पशु आहार निर्माण का व्यवसाय संचालित करते हैं। व्यवसाय के संचालन, व्यापारियों से भुगतान वसूली और हिसाब-किताब की जिम्मेदारी उन्होंने नवंबर 2025 में प्रकाश हिंदुजा को मैनेजर के रूप में सौंपी थी।
15 जुलाई को संचालक ने बहीखातों की जांच की तो बिक्री और जमा राशि में बड़ा अंतर पाया। इसके बाद व्यापारियों से संपर्क करने पर जानकारी मिली कि वे पशु आहार की खरीद का भुगतान पहले ही मैनेजर प्रकाश हिंदुजा को कर चुके हैं। इस पर संचालक ने मैनेजर से कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उसने अप्रैल से 14 जुलाई 2026 के बीच व्यापारियों से प्राप्त कुल 8 लाख 71 हजार 556 रुपए अपने पास रखकर गबन करना स्वीकार कर लिया।
मामले की जानकारी मिलते ही संचालक आरोपी को पकड़कर सिरगिट्टी थाने ले गया और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गबन की गई राशि का उपयोग आरोपी ने किस प्रकार किया और क्या इस मामले में किसी अन्य की भी संलिप्तता है।
