

बिलासपुर। तारबाहर पुलिस ने रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी में सूने बंगले का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास करने वाले दो अंतरराज्यीय चोरों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी सूने मकानों की रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, रेलवे विभाग के कर्मचारी ने 30 अप्रैल 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी स्थित बंगला नंबर पीवी/10 के मालिक एसडीजीएम मनोज गुरूमुखी का स्थानांतरण जबलपुर हो जाने के बाद वह बंगले की देखरेख कर रहा था। 29 अप्रैल की सुबह अज्ञात बदमाशों ने बंगले का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और पूरे घर का सामान अस्त-व्यस्त कर दिया। बहुमूल्य सामान नहीं मिलने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रविंद्र अनंत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे संदिग्धों की पहचान हुई। इसी बीच जानकारी मिली कि दोनों आरोपी एक अन्य चोरी के मामले में दुर्ग जेल में बंद हैं। इसके बाद पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर उन्हें गिरफ्तार कर पूछताछ की और उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद नासिर (32) निवासी मदनपुर खादर, नई दिल्ली तथा हासिम (24) निवासी शालीमार गार्डन, मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी आदतन अंतरराज्यीय चोर हैं। इनके खिलाफ छत्तीसगढ़ के बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और भिलाई के अलावा दिल्ली, मेरठ और चंडीगढ़ में भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
