

बिलासपुर। तोरवा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए जांजगीर-चांपा जिले के एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की बाइक बरामद कर ली है। वहीं, क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दो पुराने निगरानी बदमाशों के विरुद्ध भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय के माध्यम से जेल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, तोरवा निवासी हर्ष कुमार वाधवानी ने 13 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 जुलाई की रात उनके घर के बाहर खड़ी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-10-P-8046) अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। शिकायत पर थाना तोरवा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला क्षेत्र निवासी विनोद गोड (26) के रूप में हुई।
पुलिस टीम ने मुलमुला पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल, जिसकी अनुमानित कीमत 20 हजार रुपये है, बरामद कर ली। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इधर, संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तोरवा पुलिस ने पुराने निगरानी बदमाशों के विरुद्ध भी कार्रवाई की। संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर शंकर गंगोत्री उर्फ दीपु (30) और निलेश सोनकर (24) को प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी बदमाशों की लगातार मॉनिटरिंग और सघन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
