

बिलासपुर। भगवान जगन्नाथ की वार्षिक रथयात्रा को लेकर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। महास्नान के बाद भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के अनवसर (विश्राम) काल के चलते मंदिर के पट श्रद्धालुओं के लिए बंद हैं। इस दौरान मंदिर के पुजारी पंडित गोविंद पाढ़ी भगवान की विशेष सेवा कर रहे हैं और परंपरा के अनुसार उन्हें जड़ी-बूटी एवं अदरक का काढ़ा अर्पित किया जा रहा है।
इधर, उड़िया स्कूल परिसर में भगवान के रथ को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस वर्ष रथ में कई बदलाव किए जा रहे हैं। समिति ने रथ के गुंबद की ऊंचाई बढ़ाने का निर्णय लिया है, वहीं सुरक्षा की दृष्टि से रथ का पुराना ब्रेक बदलकर नया ब्रेक लगाया जा रहा है। रथ को पुरी (ओडिशा) से मंगाए गए नए वस्त्रों से सजाया जाएगा तथा भगवान के लिए विशेष मुकुट भी ओडिशा से मंगवाया गया है।
रथयात्रा मार्ग पर किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए नगर में पेड़ों की छंटाई का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। रेलवे क्षेत्र से तारबाहर चौक तक पेड़ों की छंटाई पूरी हो चुकी है, जबकि तारबाहर से गांधी चौक और जगमल चौक तक का कार्य जारी है।

16 जुलाई को दोपहर 2 बजे निकलेगी रथयात्रा
भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा 16 जुलाई को दोपहर 2 बजे रेलवे क्षेत्र स्थित जगन्नाथ मंदिर से प्रारंभ होगी। रथ तितली चौक, रेलवे स्टेशन, तारबाहर, गांधी चौक, तोरवा थाना, काली मंदिर मार्ग होते हुए गुंडिचा मंदिर पहुंचेगा। रथयात्रा से पहले पारंपरिक छेरापहरा की रस्म निभाई जाएगी, जिसे इस वर्ष एसईसीएल के निदेशक (तकनीकी, योजना एवं परियोजना) रमेशचंद्र मोहपात्रा संपन्न करेंगे।
नेत्रोत्सव 14 जुलाई, बहुड़ा यात्रा 24 जुलाई को
समिति के अनुसार 14 जुलाई को नेत्रोत्सव मनाया जाएगा, जब भगवान श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे और मंदिर का ध्वज भी बदला जाएगा। 15 जुलाई को रथ की प्राण-प्रतिष्ठा होगी। इसके बाद 24 जुलाई को बहुड़ा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें राजा गोपाल कृष्ण राय के रूप में छेरापहरा की परंपरा निभाई जाएगी।
इस बार पांच क्विंटल कनिका महाप्रसाद का होगा वितरण
रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए कनिका महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। समिति ने बताया कि पहले जहां एक क्विंटल चावल से महाप्रसाद तैयार होता था, वहीं श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस वर्ष पांच क्विंटल चावल, काजू, किशमिश, लौंग, इलायची, चीनी और हल्दी से तैयार कनिका का वितरण किया जाएगा।
इस्कॉन की रथयात्रा 19 जुलाई को
इस्कॉन बिलासपुर प्रचार केंद्र के तत्वावधान में 19 जुलाई को भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। यात्रा दोपहर 3 बजे बृहस्पति बाजार से प्रारंभ होकर देवकीनंदन चौक, सदर बाजार, गोल बाजार, तेलीपारा रोड, पुराना बस स्टैंड चौक, टेलीफोन एक्सचेंज रोड, अग्रसेन चौक, सत्यम चौक, पुलिस ग्राउंड और फूल चौक से होते हुए पुनः बृहस्पति बाजार पहुंचेगी। आयोजन को लेकर स्वयंसेवकों की टीम तैयारियों में जुटी हुई है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील की गई है।
