
बिलासपुर। सिविल लाइन क्षेत्र में रहने वाली एक शिक्षिका को अश्लील वीडियो देखने का झूठा आरोप लगाकर बदनाम करने और एफआईआर दर्ज कराने की धमकी देकर साइबर ठग ने 76 हजार 500 रुपये की ठगी कर ली। ठग ने खुद को “सुनील” बताकर अलग-अलग किश्तों में फोनपे के माध्यम से रकम ट्रांसफर कराई। मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 42 वर्षीय शिक्षिका ने शिकायत में बताया कि 4 जुलाई को दोपहर करीब 12:30 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने दावा किया कि उसे उनके मोबाइल से अश्लील वीडियो देखने की जानकारी है। उसने वीडियो वायरल करने और शिक्षिका होने के कारण उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की धमकी दी।
सामाजिक प्रतिष्ठा और बदनामी के डर से शिक्षिका ठग के झांसे में आ गईं। आरोपी ने अलग-अलग किश्तों में क्यूआर कोड भेजकर फोनपे के जरिए उनसे कुल 76 हजार 500 रुपये ट्रांसफर करा लिए।
ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने उसी दिन दोपहर करीब 2:50 बजे राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। त्वरित कार्रवाई के चलते बैंकिंग सिस्टम के माध्यम से 28 हजार 993 रुपये की राशि होल्ड करा दी गई।
पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस साइबर ठग की पहचान और शेष राशि की रिकवरी के प्रयास में जुटी हुई है।
